कोल्हान

*छठ घाटों का विधायक सुखराम उरांव, डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण*

चाईबासा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चक्रधरपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने पुरानी बस्ती एवं थाना चौक स्थित छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान तीनों ने घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

अधिकारियों ने घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने और जलाशयों में गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। सभी घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन और नगर परिषद के बीच समन्वय जरूरी है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता छठ पूजा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष व्यवस्था रहेगी। घाटों पर भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!