*कराईकेला में डायन बताकर महिला की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह कराईकेला थाना को कोलजोमरो गांव में एक महिला की हत्या की सूचना मिली। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान रन्दाय सुम्बुरूई (46), पति साधुचरण सुम्बुरूई, निवासी कोलजोमरो के रूप में हुई।
मृतका के पति साधुचरण सुम्बुरूई (50) के लिखित आवेदन के आधार पर कराईकेला थाना कांड संख्या 22/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1)/3(5) और डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस ने इस मामले में जोनुवा गांव निवासी बुधु होनहागा, पिता रामे होनहागा; मार्टिन दिग्गी, पिता स्वर्गीय विजय दिग्गी; मारतुस होनहागा, पिता स्वर्गीय मंगता होनहागा और मधुसुधन होनहागा, पिता स्वर्गीय बुधन सिंह होनहागा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मधुसुधन होनहागा ओझा का काम करता है और उसी पर महिला को डायन बताने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने रात में महिला के घर पहुंचकर डंडे से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
**छापामारी दल में ये रहे शामिल**
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता संजीत कुमार और कराईकेला थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




