गुवास्वास्थ्य एवं चिकित्सा

गुवा-किरीबुरू में दो साल से बंद ब्लड बैंक, मरीजों की बढ़ी परेशानी; अक्टूबर अंत तक शुरू होने की उम्मीद

लाइसेंस के अभाव में अक्टूबर 2024 से बंद है रक्त सेवा; जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रबंधन से की तत्काल पहल की मांग

गुवा: सेल की किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जेनरल अस्पताल में करीब दो वर्षों से ब्लड बैंक की सेवा बंद रहने से सारंडा क्षेत्र के गरीब और गंभीर मरीजों के साथ सेल कर्मियों तथा आसपास की खदानों में कार्यरत श्रमिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों को टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल या अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी और मरीजों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

अक्टूबर 2024 से बंद है ब्लड बैंक

जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने बताया कि किरीबुरू-मेघाहातुबुरु अस्पताल का ब्लड बैंक अक्टूबर 2024 से लाइसेंस के अभाव में बंद है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से क्षेत्र की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा का बंद रहना गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने बताया कि रक्त की आवश्यकता होने पर मरीजों को दूर स्थित अस्पतालों में भेजना पड़ता है। विशेषकर गरीब परिवारों के लिए ऐसी स्थिति में इलाज का खर्च और परेशानी दोनों बढ़ जाती है।

जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रबंधन से की मुलाकात

ब्लड बैंक को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर 12 सितंबर को जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने किरीबुरू के सीजीएम पी.एम. शिरपुरकर तथा अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, किरीबुरू पश्चिम पंचायत की मुखिया पार्वती कीड़ो, मेघाहातुबुरु उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपि मुंडा, मेघाहातुबुरु दक्षिण पंचायत की मुखिया प्रफ्फुलित ग्लोरिया टोपनो, सामाजिक कार्यकर्ता संतोष पंडा और सोनाराम गोपशामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने ब्लड बैंक को दोबारा चालू करने से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर रक्त सेवा बहाल करने की मांग की।

एलिजा मशीन और कक्ष में बदलाव जरूरी

अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि ब्लड बैंक को दोबारा चालू करने के लिए एलिजा मशीन की व्यवस्था करने के साथ ब्लड बैंक कक्ष में आवश्यक बदलाव समेत कुछ प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सीजीएम पी.एम. शिरपुरकर ने आवश्यक कार्यों को बजट में शामिल कर अक्टूबर के अंत तक पूरा कराने का भरोसा दिया है।

खदान क्षेत्र में ब्लड बैंक की जरूरत पर जोर

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जेनरल अस्पताल सारंडा क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेफरल अस्पताल है। आसपास की खदानों में काम के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में गंभीर मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है।

उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त से भी मामले में हस्तक्षेप कर ब्लड बैंक को जल्द शुरू कराने की मांग की है।

100 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने सारंडा क्षेत्र में DMFT सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त राजस्व का उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में करने की मांग की। जरूरत पड़ने पर क्षेत्र में कम से कम 100 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल विकसित करने का भी सुझाव दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऐसे अस्पताल में ब्लड बैंक, बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!