ग्रामीण बैंक में विधिक जागरूकता शिविर, स्थायी लोक अदालत की भूमिका बताई गई

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) एवं स्थायी लोक अदालत, चाईबासा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय ग्रामीण बैंक में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष बृजेश कुमार पांडे ने की। उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य बिजली, पानी, परिवहन, अस्पताल जैसी सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का मुकदमेबाजी से पहले आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से त्वरित एवं कम खर्च में समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित स्थायी लोक अदालत में आवेदन देकर विभिन्न सामाजिक एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत की सदस्य सुभद्रा बेहरा ने भी विधिक सेवाओं और नागरिक अधिकारों की जानकारी दी।
शिविर में ग्रामीण बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बैंक के उपभोक्ताओं ने भाग लिया।




