गुरु पूर्णिमा पर बागबेड़ा साईं मंदिर में उमड़ी आस्था, 217 श्रद्धालुओं का सबसे बड़ा जत्था शिरडी धाम के लिए रवाना

जमशेदपुर: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बागबेड़ा स्थित श्री शिवसाई शनि हनुमान एवं काली मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, महाभंडारा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। पूरे दिन “ॐ साईं राम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूजा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक एवं समाजसेवी रंजीत साहू के नेतृत्व में 217 साईं भक्तों का जत्था शिरडी धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और “ॐ साईं राम” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे ट्रेन द्वारा शिरडी के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और जगह-जगह आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया गया।
रंजीत साहू ने बताया कि पिछले करीब दस वर्षों से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं को शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए भेजने की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष 217 श्रद्धालुओं का जत्था अब तक का सबसे बड़ा जत्था रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत, लस्सी और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री की भी विशेष व्यवस्था की गई।
मंदिर परिसर में आयोजित महाभंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों और साईं सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




