गुवा में चक्रवाती तूफान का असर, बढ़ी ठंड; अलाव तापते नजर आए लोग

गुवा, 19 नवंबर। चक्रवाती तूफान के असर से गुवा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम में आए इस बदलाव ने आम जनजीवन को भी प्रभावित किया है।
ठंड बढ़ने के कारण गांवों में लोग सुबह और शाम अलाव जलाकर तापते नजर आ रहे हैं। चौक-चौराहों, घरों के आंगन और खेतों की मेड़ पर लोग अलाव के आसपास बैठकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से परेशानी होती दिखाई दे रही है।
मौसम विभाग के अनुसार गुवा और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। बारिश की संभावना को लेकर किसानों और ग्रामीणों में भी हलचल है। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है और सुबह की चाय भी कई जगह अलाव के साथ हो रही है।
फिलहाल ग्रामीण चक्रवाती तूफान के असर को लेकर सतर्क हैं और प्रशासन से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की जा रही है।




