कोल्हान

*भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचार आज भी देश को दिखाते हैं सही दिशा : बड़कुंवर गागराई*

चाईबासा : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाजपा कुमारडुंगी मंडल कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मौके पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी धरती आबा को नमन किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल एक स्वतंत्रता सेनानी की कहानी नहीं है, बल्कि यह अन्याय, शोषण और गुलामी के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा है। उन्होंने बहुत कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकार तथा उसकी संस्कृति, परंपरा और पहचान की रक्षा के लिए उन्होंने आंदोलन किया। उनका संघर्ष आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने उस दौर में आदिवासी समाज को एकजुट कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया, जब अंग्रेजी शासन में लोगों की जमीन छीनी जा रही थी और उन्हें अपने ही क्षेत्र में अधिकारों से वंचित किया जा रहा था। उन्होंने समाज को शिक्षा, एकता, स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ खड़े होने का संदेश दिया। उनका उलगुलान आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी देश के सामने गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, सामाजिक असमानता और आदिवासी क्षेत्रों के विकास जैसी कई चुनौतियां हैं। ऐसे समय में भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यों में उतारना भी जरूरी है। देश की सही दिशा तभी तय होगी, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की सुविधाएं पहुंचेंगी। आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और जमीन की रक्षा के साथ युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना भी हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम में भाजपा कुमारडुंगी मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पिंगुवा, मंडल महामंत्री विनय दास, दामुराम पाट पिंगुवा, दुनिया कुम्हार, डमरुधर बारिक, सावन कुम्हार, मुकेश कुम्हार, शशी भूषण गोप और गौरांग शंकर गागराई सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!