*ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं, खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर देने की जरूरत : बड़कुंवर गागराई*

चाईबासा: जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत गुमुरिया में युवक संघ कालापहाड़ गुमुरिया की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह गुरुवार को हुआ। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर देने की है। अगर ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा और प्रशिक्षण मिले तो यही खिलाड़ी भविष्य में राज्य के बाद देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम, खेल का मंच और खेल सामग्री की व्यवस्था करनी चाहिए। पंचायत स्तर से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाकर प्रखंड, जिला और प्रमंडल स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। आगे चलकर यही खिलाड़ी राज्य और देश के लिए खेलकर अपने गांव, क्षेत्र और माता-पिता का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता में लीशा एंड शाइना लखीपाई की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संतोष ब्रदर्स की टीम दूसरे और दिनाग गुटू एफसी की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को भी पुरस्कृत किया गया।
आयोजन समिति के अनुसार प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 70 हजार रुपये और ट्रॉफी, तृतीय पुरस्कार 30 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता रायभूमीज, सुभाष सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सरदार, मानकी दीपक लागुरी, संजय बारिक, सुभाष लागुरी और सुजीत साव उपस्थित थे। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू पूर्ति सहित समिति के सदस्य, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी समारोह में शामिल हुए।




