कोल्हान

राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता को लेकर जनसंवाद, यात्रियों को दिया गया जागरूकता का संदेश

सहायक परिचालन पदाधिकारी कौशिक पात्रों ने यात्रियों को समझाया स्वच्छता का महत्व, रेलवे की सेवाओं के लिए 139 नंबर के उपयोग की दी जानकारी

जादूगोड़ा। दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर स्थित राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यशाला एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक करना तथा रेलवे की सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान सहायक परिचालन पदाधिकारी कौशिक पात्रों ने यात्रियों से संवाद करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे गुटखा खाकर इधर-उधर न थूकें और न ही स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाएं। स्टेशन पर रखे गए विभिन्न रंगों के डस्टबिन का सही इस्तेमाल करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की आदत अपनाने पर भी जोर दिया गया।

कौशिक पात्रों ने कहा कि रेलवे को बेहतर, स्वच्छ और यात्रियों के अनुकूल बनाने में साफ-सफाई की महत्वपूर्ण भूमिका है। रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखना केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री का भी कर्तव्य है। यात्रियों के सहयोग से ही स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छ वातावरण कायम रखा जा सकता है।

इस दौरान यात्रियों को रेलवे से संबंधित शिकायतों, सहायता और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि रेलवे की सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए यात्री इस नंबर का उपयोग कर सकते हैं।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना। यात्रियों से प्राप्त सुझावों के माध्यम से रेलवे की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक डी. कुमार एवं ए.के. निराला सहित अन्य लोग उपस्थित थे। रेलवे प्रशासन की इस पहल को यात्रियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेलवे सेवाओं को अधिक बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!