*चक्रधरपुर में मोबाइल दुकान से चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार, 21 मोबाइल बरामद*
*रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स का शटर उठाकर 52 मोबाइल ले गए थे चोर, बिहार के पांच लोगों की मिली संलिप्तता; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से 52 मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के 21 मोबाइल बरामद किए गए हैं। मामले में बिहार के पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को अज्ञात चोरों ने रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर उठाकर विभिन्न कंपनियों के कुल 52 मोबाइल चोरी कर लिए थे। इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 305(ए) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चक्रधरपुर के नेतृत्व में अलग-अलग छापेमारी दल गठित किए गए। पुलिस टीमों ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों में नितेश पटेल, पिता रामबिलास राउत, निवासी घोड़ाशहन, जिला मोतिहारी (बिहार); जितेन्द्र साह उर्फ चोना, पिता शंकर साह, निवासी आश्रम रोड छठियाघाट, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार); और गोविन्द चौधरी, पिता स्वर्गीय मिश्रीलाल चौधरी, निवासी धरम्पट्टी, पोस्ट राघोपुर, जिला सुपौल (बिहार) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शेराज, पिता जिकरुल्लाह मियां, निवासी घोड़ाशहन, जिला मोतिहारी (बिहार) और संजय सहनी, पिता महेन्द्र सहनी, निवासी आठमोहान, थाना झरोखर, जिला मोतिहारी (बिहार) की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। चोरी गए अन्य मोबाइलों की बरामदगी का भी प्रयास किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण करने और साक्ष्य जुटाने के लिए सीआईडी की फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रमेश गिरि, रंजीत उरांव, सुनील कुमार पाण्डेय और प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक राज किशोर तिवारी शामिल थे।




