प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने आयोजित की विकसित भारत संकल्प सभा, सेवा ज्योति यात्रा में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जमशेदपुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला के संयुक्त तत्वावधान में साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का संबोधन सुना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को स्मरण किया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिलाई विकसित भारत की शपथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया।
यात्रा बोधि मंदिर मैदान से निकलकर स्ट्रेट माइल रोड गोलचक्कर तक पहुंची और पुनः बोधि मंदिर मैदान लौटकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा नेताओं ने हाथों में मशाल थामकर सेवा, समर्पण और विकसित भारत का संदेश दिया। वहीं कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को दर्शाती तख्तियां लेकर विभिन्न नारों के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
मशाल प्रज्वलित कर हुआ यात्रा का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया, जबकि राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्षों में देश ने सुशासन, गरीब कल्याण और जनहितकारी योजनाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य भारत की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाते हुए वर्ष 2047 तक देश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का है।
रघुवर दास ने कहा कि ‘विकसित भारत’ केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा लक्ष्य है। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
वहीं सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा को राजनीति का आधार बनाते हुए राष्ट्रहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्र निर्माण का संकल्प है।
जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के साथ आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं तकनीक के क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर सभी को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का विषय है और सेवा तथा राष्ट्रहित में कार्य करना संगठन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, मीरा मुंडा, बाबूलाल सोरेन, संजीव सिन्हा, सत्या तिवारी, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, राजेश शुक्ल, मनोज सिंह, जटाशंकर पांडेय, अमरप्रीत सिंह काले, कुसुम पूर्ति, मिथिलेश सिंह यादव, कुलवंत सिंह बंटी, अनिल मोदी, नीतीश कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




