कोल्हान

ठेका मजदूरों के शोषण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

गुवा संवाददाता। सेल के ठेकेदारों द्वारा ठेका मजदूरों के कथित शोषण के खिलाफ अब झारखंड मजदूर यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन का आरोप है कि गुवा रेलवे साइडिंग में कार्यरत ठेका मजदूरों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से भी कम भुगतान किया जा रहा है। इसे लेकर शुक्रवार देर शाम गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में ठेका मजदूरों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के साथ किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुवा रेलवे साइडिंग में कार्यरत मजदूरों से न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने की शिकायत सामने आई है, जिसकी गंभीरता से जांच और समाधान जरूरी है।

हेमराज सोनार ने बताया कि मामले की जानकारी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी), चाईबासा, सेल गुवा प्रबंधन सहित सेल के उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही यूनियन स्तर पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तो ठेकेदारों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। यूनियन ने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक से पूर्व झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित मजदूरों और यूनियन पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों को याद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!