किरीबुरू: डी-टाइप कॉलोनी में सेल अधिकारी के सरकारी आवास से करीब 10 लाख की चोरी, चार ताले तोड़कर घुसे चोर
गोदरेज खोलकर जेवरात और नकदी ले गए चोर, पुलिस इंस्पेक्टर व एसडीपीओ के कार्यालय-आवास के नजदीक वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गुवा:- किरीबुरू के डी-टाइप कॉलोनी स्थित सेल अधिकारी राहुल यादव के सरकारी आवास संख्या डी-33 में अज्ञात चोरों ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना 24-25 सितंबर की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। वीआईपी माने जाने वाले इस इलाके में चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। राहुल यादव के अनुसार, वह परिवार के साथ कार्यवश दुर्गापुर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के तीन दरवाजों पर लगे चार ताले तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद बीच वाले हिस्से में रखे गोदरेज को कथित रूप से बिना क्षतिग्रस्त किए खोलकर उसमें रखे जेवरात और अन्य कीमती सामान निकाल लिए। घर के अन्य सामानों को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। बताया गया कि चोरों ने वारदात से पहले घर के बाहर जल रहे दो बल्ब भी खोलकर नीचे रख दिए थे। इससे आशंका है कि चोरी सुनियोजित तरीके से की गई और पहले रेकी की गई होगी। खास बात यह है कि आवास के पीछे पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय एवं आवास तथा करीब 100-150 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास और कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद चोरी होने से रात्रि गश्ती पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, पिछले एक माह में किरीबुरू में दुकानों, सामुदायिक भवन, कार्यालय और वाहनों से चोरी की कई घटनाएं सामने आने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।




