कोल्हान

सीनी मोड़ पर हादसे में बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, वाहन मालिक उठाएगा नई प्रतिमा का पूरा खर्च

सरायकेला। सरायकेला के सीनी मोड़ चौक पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा गुरुवार को एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी भूमिज मुंडा समाज, सीनी, सरायकेला के सक्रिय सदस्य तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। समाज के सदस्यों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक उठाकर सुरक्षित स्थान पर रखा तथा दुर्घटना में शामिल वाहन को मौके पर ही रोक लिया।

घटना के बाद समाज के वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी में वाहन मालिक के साथ वार्ता की गई। बातचीत के दौरान वाहन मालिक ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद समाज के सदस्यों और वाहन मालिक के बीच आपसी सहमति एवं भाईचारे की भावना को ध्यान में रखते हुए मामले का समाधान किया गया।

वार्ता में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और नई प्रतिमा के निर्माण में आने वाला पूरा खर्च वाहन मालिक द्वारा वहन किया जाएगा। निर्णय के अनुरूप सभी की मौजूदगी में मूर्तिकार को प्रतिमा निर्माण के लिए अग्रिम राशि भी प्रदान कर दी गई।

समाज के अनुसार, एक माह के भीतर सीनी मोड़ चौक पर नई प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। आपसी सहमति से समाधान होने के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन को भी मुक्त कर दिया गया।

इस दौरान आदिवासी भूमिज मुंडा समाज के दिवाकर सरदार, रंजीत सरदार, एमपी सरदार समेत समाज के कई सदस्य मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

घटना के बाद समाज के सदस्यों ने सीनी मोड़ चौक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान भी आकृष्ट कराया है। समाज की ओर से चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने, हाई मास्ट लाइट स्थापित करने तथा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की गई है।

समाज के सदस्यों का कहना है कि सीनी मोड़ चौक पर वाहनों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!