
जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड के सोहदा पंचायत अंतर्गत जादूगोड़ा–हाता मुख्य मार्ग पर बालिजुडी बस स्टैंड से बासिला गांव तक जाने वाली सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गई है। लगातार बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर तालाब जैसी दिखाई देने लगी है। सड़क के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं, मरीज, दैनिक मजदूर और ग्रामीण आवाजाही करते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण उनका सफर जोखिमभरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया में सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, अंचल प्रशासन ने शुरू की जांच
पूर्व मुखिया सीताराम हांसदा ने उपायुक्त से लगाई गुहार
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए ग्वालकाटा पंचायत के पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा ने जिला उपायुक्त से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सड़क लगभग 20 गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, इसलिए इसकी अनदेखी हजारों ग्रामीणों को प्रभावित कर रही है। हांसदा ने प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है। अब लोगों की निगाहें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कितनी तत्परता दिखाते हैं।




